सुलतानपुर
जनपद सुल्तानपुर के थाना अखण्डनगर पुलिस ने जमीनी विवाद में मारपीट व फायरिंग की घटना में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 14 व 15 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर में चचेरे भाइयों के बीच चाचा की संपत्ति को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के साथ फायरिंग की घटना भी हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही 12 घंटे के भीतर 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी क्रम में आगे की कार्रवाई करते हुए 17 मार्च 2026 को तीन और वांछित अभियुक्तों—हेमू गौतम उर्फ हेमचन्द्र, दुर्गेश दुबे उर्फ छोटू तथा प्रवेश सिंह—को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जमालपुर के पास स्थित पुलिया से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय सुलतानपुर के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त हेमू गौतम पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय, संतोष पाल सिंह, अमित कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

















