सुलतानपुर
सुल्तानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र की एक गरीब बस्ती मानवीयता और अपनत्व के रंग में रंग गई, जब थाना प्रभारी श्री धीरेंद्र कुमार वर्मा स्वयं अपने सहयोगी पुलिस बल के साथ बस्ती में पहुंचे और झोपड़ियों के बीच बच्चों के साथ रक्षाबंधन का उल्लास साझा किया।
झोपड़ीपट्टी के आंगन में मना राखी का उत्सव
घास फूस की झोपड़ियों और घने पेड़ों की छांव तले बसी इस बस्ती में थाना प्रभारी श्री वर्मा ने बच्चों को स्वयं अपने हाथों से राखी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। बालिकाओं ने बड़े चाव से राखियां तैयार कीं, जिसे देख मौजूद महिलाओं और बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मिष्ठान वितरण से महक उठी बस्ती
राखी बनने के बाद थाना प्रभारी ने बस्ती के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के बीच मिष्ठान का वितरण किया। हाथों-हाथ मिली मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान तैर उठी। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ आए पुलिस बल के जवान भी वितरण कार्य में तत्परता से जुटे रहे।
ग्रामीणों ने जताया थाना प्रभारी का आभार
बस्ती के निवासियों ने थाना प्रभारी श्री धीरेंद्र कुमार वर्मा की इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के प्रयासों से पुलिस और आमजन के बीच आत्मीयता और विश्वास और गहरा होता है।
संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण बना कार्यक्रम
थाना प्रभारी श्री वर्मा द्वारा की गई यह पहल संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पर्व-त्योहारों में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक पहुंचकर खुशियां बांटने का यह प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।


















