कादीपुर/ सुल्तानपुर जिले के विकास खण्ड कादीपुर परिसर में ही पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। राजकीय कृषि बीज भंडार के ठीक बगल में लगा इंडिया मार्का टू हैंडपंप पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है। ब्लॉक परिसर में ही नल खराब होने से विभाग की लापरवाही की पोल खुल गई है। रोजाना बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों के लिए ब्लॉक परिसर में सैकड़ों किसान आते हैं। इस दौरान पानी पीने के लिए किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं ब्लॉक में कार्यरत कर्मचारी और फरियादी भी पानी के लिए परेशान हैं। किसानों का कहना है कि हैंडपंप की पाइप फूटी हुई है और पाइप से पानी की जगह हवा निकल रही है। कई बार ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक न तो मिस्त्री बुलाया गया और न ही मरम्मत कराई गई। स्थानीय किसान रामसूरत ने बताया, “हम लोग दूर-दूर से बीज लेने आते हैं। प्यास लगने पर पानी तक नहीं मिलता। ब्लॉक परिसर का ही नल खराब है तो गांवों के नलों का क्या हाल होगा, अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों और किसानों ने खण्ड विकास अधिकारी से मांग की है कि विकास खण्ड परिसर में लगे इंडिया मार्का टू नल की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों और कर्मचारियों को शुद्ध पेयजल मिल सके।
अशोक कुमार पत्रकार
केमास न्यूज कादीपुर
















