शाहगंज। थाना शाहगंज क्षेत्र के बड़गांव में आज सुबह 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़गांव निवासी सोनू गौतम पुत्र लालता प्रसाद, उम्र करीब 30 वर्ष, मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों का आरोप है कि रविवार 23 अगस्त 2026 की सुबह करीब सात बजे गांव के राजनाथ बिंद सोनू को घर से बुलाकर ले गए और 11 हजार वोल्टेज के बिजली पोल पर चढ़कर तार जोड़ने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि सोनू जैसे ही बिजली के पोल पर चढ़ा, तभी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया और खंभे से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोनू अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटी बच्चियां हैं, जिनमें एक करीब तीन वर्ष तथा दूसरी महज एक वर्ष की बताई जा रही है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के सामने अब परिवार की जिम्मेदारी और बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसील ब्यूरो शाहगंज











