प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और पुलिस के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

0
1

अहरौला संवाददाता शर्मिला की रिपोर्ट

आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर आयोजकों, डीजे संचालकों और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल उर्फ आशू समेत पांच आयोजकों और पांच डीजे संचालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के मद्देनजर माहुल कस्बे में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान आरोप है कि दुर्गा पूजा आयोजकों और डीजे संचालकों द्वारा डीजे प्रतियोगिता के रूप में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इससे बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और आम नागरिकों को परेशानी होने के साथ ध्वनि प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। तहरीर में बताया गया है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आयोजकों और डीजे संचालकों को समझाया तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करते हुए डीजे बजाने की हिदायत दी। इसके बावजूद आरोप है कि रात करीब 10:20 बजे कुरैशी चौक पर आयोजकों, डीजे संचालकों और कुछ अन्य लोगों ने पुलिस टीम के साथ वाद-विवाद किया और निर्देशों का पालन करने में आनाकानी की। पुलिस के अनुसार, बार-बार समझाने के बाद भी संबंधित लोग पुलिस से बहस करते रहे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस दौरान पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस की तहरीर में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल उर्फ आशू, अमरजीत निषाद, सनोज सोनकर, अजय बिंद और आनंद अग्रहरि को आयोजक के रूप में नामजद किया गया है। वहीं डीजे संचालक मूलचंद्र यादव, अजय, विजय, सागर और धर्मेंद्र के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 285, 289, 292 और 293 तथा ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमावली और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है

 

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें