सुल्तानपुर
सुल्तानपुर जनपद मे ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतिम दिन लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने नगर क्षेत्र का भ्रमण कर दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात की और ऐतिहासिक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों एवं केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार से जनपद में दुर्गा प्रतिमाओं की ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा शुरू होगी। इसे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। विसर्जन यात्रा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, वहीं पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है।
सीताकुंड घाट पर तैनात रहेंगे गोताखोर और एसडीआरएफ
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान सीताकुंड घाट पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम के साथ गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों सहित अन्य माध्यमों से विसर्जन मार्गों और प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी।
एडीजी प्रवीण कुमार ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर पूजा समितियों से संवाद किया तथा विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वय पर जोर दिया। प्रशासन की प्राथमिकता है कि ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक आयोजन में भाग ले सकें।
पुलिस-प्रशासन की तैयारियों के बीच अब सभी की निगाहें ऐतिहासिक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा पर टिकी हैं।















