महाराजगंज (जौनपुर)
मिली जानकारी के अनुसार आपको बता दें कि पत्रकार संतोष कुमार और उनके परिवार पर जानलेवा हमले के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष महाराजगंज यादवेंद्र प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ विशेष न्यायालय अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC/ST) जौनपुर से गिरफ्तारी वारंट (NBW) जारी हुआ है। आदेश के बाद से सभी अभियुक्त फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस लगातार दबिश बना रही है।
मामला 25 जून 2021 से जुड़ा है, जब ग्राम प्रधान चुनाव के दौरान संतोष कुमार की पत्नी रेशमा चुनाव मैदान में उतरीं लेकिन हार गईं। उसी चुनाव में यादवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी अनामिका सिंह प्रधान निर्वाचित हुईं। इसके बाद से ही पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश के कारण यादवेंद्र प्रताप सिंह व उनके सहयोगी लगातार उत्पीड़न करने लगे।
26 जून 2021 को पत्रकार संतोष कुमार पर जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद थाना महाराजगंज में मुकदमा संख्या 120/2021 दर्ज हुआ। इस प्रकरण में गंभीर धाराओं के साथ-साथ SC/ST एक्ट की धाराएँ भी लगीं। इसके बाद 20 अगस्त 2021 को भी संतोष कुमार, उनकी पत्नी रेशमा और पूरे परिवार पर हमला हुआ। पुलिस द्वारा कार्रवाई के नाम पर अभियुक्तों को बचाने के आरोप भी लगाए गए।
पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर कई बार जिला मुख्यालय पर धरने और भूख हड़ताल पर बैठ चुका है। संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष होने के नाते यादवेंद्र प्रताप सिंह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मुकदमे से नाम कटवाने और गवाहों को दबाने की कोशिश करते रहे।
विशेष न्यायाधीश SC/ST जौनपुर की अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट ने 16 सितंबर 2025 को यादवेंद्र प्रताप सिंह समेत अजय, अर्जुन, विनोद, सौरभ और अंकित के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। अगली सुनवाई की तारीख 7 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
इस बीच पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पीड़ित पत्रकार संतोष कुमार और उनकी पत्नी रेशमा ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि कानून के तहत दोषियों को सज़ा जरूर मिलेगी।