जौनपुर-
जनपद न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने की घटना पर दीवानी अधिवक्ता संघ जौनपुर के कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशी अमित तिवारी एडवोकेट ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को न्याय व्यवस्था पर सीधा हमला और लोकतांत्रिक मूल्यों को चुनौती बताया।
अमित तिवारी ने कहा कि न्यायालय लोकतंत्र की आत्मा और संविधान की मर्यादा का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल को निशाना बनाकर भय और अराजकता फैलाने का प्रयास अत्यंत निंदनीय और कायरतापूर्ण है। उन्होंने कहा कि न्यायालय की गरिमा, अधिवक्ताओं की सुरक्षा तथा वादकारियों के विश्वास की रक्षा करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि न्यायालय परिसर में अभेद्य और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाए। साथ ही इस धमकी के पीछे शामिल तत्वों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व न्याय के मंदिर की ओर आंख उठाने का दुस्साहस न कर सके।









