गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन एवं उपजिलाधिकारी सैदपुर के नेतृत्व में जनपद में आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 03 अक्टूबर 2026 को सैदपुर स्थित खोया मंडी में विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार नमूने संग्रहित किए। टीम ने लालबचन यादव के प्रतिष्ठान से खोया का एक नमूना, सुभाष सिंह यादव के प्रतिष्ठान से खोया का एक नमूना तथा विवेक यादव के प्रतिष्ठान से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा मनोज कुमार बरनवाल के प्रतिष्ठान मेसर्स-मिताली ट्रेडर्स से घी का एक नमूना लिया गया। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के अभियान जारी रखने की बात कही गई है। अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार गिरि, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ द्वारा की गई।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर


















