जौनपुर- सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जौनपुर यातायात पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष एवं आधुनिकीकरण योजना के तहत जौनपुर को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर (चार पहिया) वाहन उपलब्ध कराया गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
जनपद में चिन्हित 07 क्रिटिकल कॉरिडोर और 14 क्रिटिकल थाना क्षेत्रों में यह इंटरसेप्टर वाहन नियमित रूप से गश्त करेगा। इन कॉरिडोर में 06 राष्ट्रीय राजमार्ग, 01 राज्य मार्ग तथा लगभग 359 किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क शामिल है।
वाहन में लगी स्वचालित स्पीड रडार प्रणाली के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को कम करना तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना है।
यातायात पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस इस इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
स्ट्रिंगर रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम










