गाजीपुर साइबर सेल की बड़ी कामयाबी, 92 पीड़ितों के 5.57 लाख रुपये कराए वापस

0
2

गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ गाजीपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 पीड़ितों की ठगी गई ₹5,57,044 की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़ितों को उनकी धनराशि वापस दिलाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी बैंक खातों, एटीएम एवं क्रेडिट कार्ड, यूपीआई तथा अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारियों का दुरुपयोग कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी साइबर के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के MRM पोर्टल से प्राप्त जन-शिकायतों पर साइबर सेल ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई की। टीम ने संबंधित बैंकों, डिजिटल पेमेंट गेटवे और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को समय रहते होल्ड एवं लीन कराया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कुल ₹5,57,044 की धनराशि 92 पीड़ितों के मूल बैंक खातों में वापस कराई गई।
पुलिस ने आमजन से साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM कार्ड नंबर अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने, किसी के कहने पर AnyDesk, TeamViewer जैसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक या अनधिकृत QR कोड स्कैन न करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी होने पर पीड़ित को बिना देर किए 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देनी चाहिए अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें