गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। बैठक में बताया गया कि प्रदेश की वृहद अवस्थापना एवं जनोपयोगी परियोजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को भी प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ तथा विकसित भारत का संकल्प कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विकासखंडों में सेवा शिविर एवं स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मानव समूह और रंगोली सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान का सफल एवं सकुशल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं वीडियो समय से पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















