जौनपुर
मिली जानकारी के अनुसार बता दें कि
सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जमुहाई की तरफ से जौनपुर आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा टूटकर घर के बाहर सो रहे 22 वर्षीय युवक के सिर पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















