भारी आंधी से घर पर गिरा विशाल पेड़, पूरा घर तहस-नहस – मामा के घर रह रहीं अनाथ विकलांग बच्चियों को आई गंभीर चोट

0
32

भारी आंधी से घर पर गिरा विशाल पेड़, पूरा घर तहस-नहस – मामा के घर रह रहीं अनाथ विकलांग बच्चियों को आई गंभीर चोट

 

*सुल्तानपुर – मुड़िला / अखण्डनगर।* थाना अंतर्गत ग्राम सभा महमदपुर में दिनांक 5 अक्टूबर 2026 दिन सोमवार को आई भारी आंधी ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया।

 

जानकारी के मुताबिक, तेज आंधी के चलते एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर रामसागर पुत्र स्व. रामहित के कच्चे घर पर गिर गया,जिसमें पूरा घर तहस-नहस हो गया। घर के अंदर इसी छप्पर के नीचे रह रहीं तीन अनाथ विकलांग बच्चियां – ज्योति, काजल और पूजा मलबे में दब गईं।

 

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खींचकर बाहर निकाला। हादसे में बड़ी बहन के पैर में गंभीर चोट आई है, जिससे वह चल भी नहीं पा रही है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

आपको बता दें कि ये वही तीन बच्चियां हैं जिनके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दिल्ली के उत्तम नगर से पिता की लाश के साथ इन्हें गांव भेज दिया गया था। इसके बाद मां दुर्गावती की भी मौत हो गई। तब से ये तीनों अपने मामा रामसागर और रामसागर के चचेरे भाई सुरेश के सहारे इसी कच्चे घर में रह रही हैं। इन बच्चियों का मूलनिवास करौंदीकलां थाना अंतर्गत ग्रामसभा भूपतिपुर है। इनका देखभाल इनके चाचा के न किए जाने पर मामा अपने घर लेकर चले गए। इनके मामा भी गरीबी हालात में जीवन यापन कर रहे हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आंधी से घर पूरी तरह गिर चुका है। अब मामा के परिवार समेत तीनों अनाथ बच्चियों के पास रहने के लिए छत भी नहीं बची है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि आज तक इन बच्चियों को विकलांग पेंशन, आवास योजना या किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर लेखपाल और तहसील की टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और परिवार को तत्काल आवास, आर्थिक सहायता और सुरक्षित रहने की व्यवस्था दी जाए।

 

*रिपोर्ट – विवेक कुमार, के मास न्यूज़ पत्रकार मुडिला*

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें