बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की भी खुली पोल

0
1

सुल्तानपुर /दोस्तपुर

सुल्तानपुर जिले के थाना दोस्तपुर क्षेत्र के लोकनाथपुर (बालचंद पट्टी): आपराधिक बेखौफ मानसिकता और जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम सभा लोकनाथपुर (बालचंद पट्टी) में दिनांक 01/08/26 को सुबह लगभग 7:30 बजे एक एकाकी बुजुर्ग महिला पर विपक्षियों ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला की नाक के ऊपर गंभीर चोट आई है। वहीं, घटना के बाद सीएचसी दोस्तपुर की बदहाल व्यवस्था ने भी मरीजों की सुरक्षा और इलाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बांस गाड़ने को लेकर हुआ विवाद, कुल्हाड़ी से हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सिंगारी देवी पत्नी अमरनाथ आज सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर के पास बांस गाड़ रही थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही राम आशीष पुत्र रामनिवास प्रजापति, निर्मला देवी (पत्नी राम आशीष), मंजू (पुत्री राम आशीष), प्रियंका (पुत्री राम आशीष) और सृष्टि (पुत्री राम आशीष) ने गोलबंद होकर उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे सिंगारी देवी की नाक के ऊपर गहरा और गंभीर घाव हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी राम आशीष आपराधिक किस्म का व्यक्ति है और उस पर पूर्व में भी हत्या जैसे गंभीर मामले का मुकदमा चल रहा है। परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले भी विपक्षियों द्वारा पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

अकेलापन देख बनाया निशाना

पीड़िता सिंगारी देवी घर पर अकेली रहती हैं। उनके पति और बेटे आजीविका चलाने के लिए अमेठी में रहकर मजदूरी करते हैं। पीड़िता की इस बेबसी और अकेलेपन का फायदा उठाकर दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

मौके पर पहुंची PRB, लेकिन सीएचसी दोस्तपुर में लाचार दिखी स्वास्थ्य सेवा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 (PRB) की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के जरिए घायल सिंगारी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर पहुंचाया।

लेकिन असली लापरवाही सीएचसी दोस्तपुर में देखने को मिली। सुबह लगभग 8:30 बजे जब गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल पहुंची, तब वहां केवल प्रिंस वर्मा (ट्रेनिंग फार्मासिस्ट) मौजूद थे। अस्पताल का कोई भी अन्य मुख्य स्टाफ या जिम्मेदार डॉक्टर मौके पर उपस्थित नहीं था। आपातकालीन स्थिति में इस तरह की अव्यवस्था ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खोलकर रख दी है।

मुख्य बिंदु:

घटना स्थल: ग्राम सभा लोकनाथपुर (बालचंद पट्टी)

पीड़िता: सिंगारी देवी (पति: अमरनाथ)

मुख्य आरोपी: राम आशीष प्रजापति (पूर्व में हत्या का आरोपी) व उसका परिवार

वजह: बांस गाड़ने को लेकर विवाद व पुरानी रंजिश (दो दिन पहले दी गई थी धमकी)

अस्पताल की लापरवाही: सुबह 8:30 बजे सीएचसी दोस्तपुर में केवल ट्रेनिंग फार्मासिस्ट मौजूद, मुख्य स्टाफ नदारद।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें