मुडिला/कादीपुर
मंगलवार2 जून 2026 को कादीपुर ब्लॉक के मुड़िला बाजार में सामाजिक सद्भाव, सेवा और भाईचारे का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। बाबा बजरंगबली के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों तथा आम नागरिकों के लिए शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य ने लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और एकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बाजारवासी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शरबत पिलाया। विशेष बात यह रही कि इस आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ भाग लेकर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की। बाजार क्षेत्र की मस्जिद के हाफिजी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने स्वयं शरबत वितरण कर लोगों की सेवा की। इससे हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश समाज में प्रसारित हुआ।
शरबत वितरण कार्यक्रम के संयोजक प्रेमनाथ सोनी उर्फ पी.एन. ज्वेलर्स, मुड़िला बाजार रहे। उनके नेतृत्व में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों और श्रद्धालुओं को ठंडा शरबत उपलब्ध कराना मानव सेवा का एक छोटा प्रयास है। इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेम, सहयोग और सद्भावना को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कई युवाओं और समाजसेवियों ने सक्रिय योगदान दिया। इनमें शिवम सिंह, एहसान खान, शिवम अग्रहरि, दिलीप अग्रहरि, शिवांश मोदनवाल, उज्ज्वल दुबे, सलमान अली, कुक्कू वर्मा, विजय अग्रहरी, सुनील गुप्ता और सनी गुप्ता सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी सहयोगियों ने पूरे उत्साह के साथ शरबत वितरण कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।
स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। मुड़िला बाजार में आयोजित यह शरबत वितरण कार्यक्रम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
विवेक कुमार पत्रकार मुडिला






















