बहनों ने मांगी लंबी उम्र, पुलिस ने दिया सुरक्षा का वचन, थानाध्यक्ष की कलाई पर सजा रक्षासूत्र
सुल्तानपुर/धम्मौर
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धम्मौर थाने में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और भावुकता देखने को मिली। एकल विद्यालय फाउंडेशन से जुड़ी बहनें थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
बहनों ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानते हुए रक्षासूत्र बांधा और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। वहीं, पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को उनकी सुरक्षा का भरोसा देते हुए हर परिस्थिति में उनकी रक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। बहनों की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है।
राखी बांधने के दौरान थाने का माहौल भावुक और आत्मीय हो गया। पुलिसकर्मियों और बहनों के बीच भाई-बहन के रिश्ते की यह अनूठी मिसाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

















