राधेश्याम सतगुरुलाल इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कैंप का सफल आयोजन
सुल्तानपुर
सुल्तानपुर मुरैनी स्थित राधेश्याम सतगुरुलाल इंटर कॉलेज में पानी संस्थान द्वारा संचालित ‘किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम’ के अंतर्गत किरण बेदी संकुल के संकुल स्तरीय करियर काउंसलिंग कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पानी संस्थान के संसाधन केंद्र समन्वयक राम मोहित जी द्वारा किया गया, जिन्होंने संस्थान के कार्यों और किशोरी सशक्तिकरण योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात्, महिंद्रा इंस्टीट्यूट से पधारे मुख्य वक्ता आदर्श तिवारी जी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें उनके सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए प्रेरित किया, साथ ही करियर के विविध विकल्पों, उपलब्ध अवसरों तथा लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में क्या करें और क्या न करें, इस पर गहन चर्चा की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार यादव जी ने पानी संस्थान की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए सभी किशोरियों को उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगणों के साथ-साथ पानी संस्थान की संकुल समन्वयक मोनिका जी, रिंकू, शिव कुमारी, रानी, रोहित एवं मुकेश जी सहित कई कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



















