सुल्तानपुर
हांअखंडनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने पांच दुकानों को निशाना बनाया। अखंडनगर-कादीपुर मार्ग पर बीती रात तीन गुमटियों और दो दुकानों के शटर काटकर हजारों की नकदी और किराना सामान चोरी कर लिया गया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष है।
चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से पांच व्यापारियों की दुकानों को निशाना बनाया। पीड़ितों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बब्बन की दुकान से 3,000 रुपए नकद और लगभग 4,000 रुपए का सामान चोरी हुआ। शत्रुघ्न तिवारी के गल्ले से 1,600 रुपए नकद और 2,000 रुपए का सामान गायब मिला।
प्रमोद कुमार, शेषनाथ निषाद और शेर बहादुर सिंह की दुकानों के भी ताले तोड़े गए। इन दुकानों से भारी मात्रा में रिफाइंड तेल, गुटखा, पान मसाला और अन्य किराना सामग्री चोरी कर ली गई।
चोरी की इस घटना का पता सुबह तब चला जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने पुलिस गश्त में कमी को लेकर नाराजगी व्यक्त की।
पीड़ित दुकानदारों शत्रुघ्न तिवारी, बब्बन, शेषनाथ, शेर बहादुर सिंह और प्रमोद कुमार ने अखंडनगर थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस टीम साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















