सुल्तानपुर/पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर अखंडनगर थाना क्षेत्र में 13 फरवरी से सघन हेल्मेट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान थाना प्रभारी संत कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित होगा।
थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेल्मेट न पहनने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के दौरान बिना हेल्मेट वाहन चलाते पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अपील है कि सभी दोपहिया वाहन चालक स्वयं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेल्मेट पहनकर ही वाहन चलाएं, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।














