ठेकमा (आजमगढ़)। ठेकमा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहिरौली में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को नामित जांच अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता हरिचंद सरोज द्वारा जिलाधिकारी को 14 बिंदुओं पर लिखित शिकायत सौंपकर ग्राम पंचायत में हुए विभिन्न विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग के अभियंता हरिकेश मालवीय एवं सदानंद चौधरी ने पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, अमृत सरोवर, छठ घाट, हैंडपंप रीबोर, ह्यूम पाइप सहित अन्य विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने संबंधित बिंदुओं का अवलोकन किया तथा बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
शिकायतकर्ता हरिचंद सरोज का आरोप है कि एक ही कार्य पर कई बार सरकारी धन का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन सहित कई कार्यों से संबंधित अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। उनका यह भी आरोप है कि सामुदायिक शौचालय पर अधिकांश समय ताला लगा रहता है, जबकि निजी धन से कराए गए नाली निर्माण का भुगतान ग्राम पंचायत के माध्यम से दिखाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सामुदायिक शौचालय पर लगभग ₹6.38 लाख, अमृत सरोवर में वृक्षारोपण एवं कच्चे कार्य के नाम पर ₹6.20 लाख, छठ घाट पर ₹44हजार से अधिक तथा हैंडपंप रीबोर के नाम पर लगभग ₹8.84 लाख का भुगतान किया गया। उनका दावा है कि छठ घाट का निर्माण ग्रामीणों के चंदे से कराया गया था, इसके बावजूद सरकारी धन का भुगतान दर्शाया गया।
हरिचंद सरोज ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष हो, किसी प्रकार की लीपापोती न की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।




















