योजनाओं से वंचित बनवासी समाज के लोगों ने ग्राम प्रधान व बीएलओ पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

0
3

 

तरवां/आजमगढ़। तरवां विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा बहोरीकपुर में बनवासी समाज के लोगों ने ग्राम प्रधान और बीएलओ पर सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखने तथा भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी संख्या 100 से अधिक है, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। बनवासी समाज के लोगों ने बताया कि वे किसी तरह अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। उनके पास रहने के लिए पर्याप्त भूमि तक उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें शौचालय, कॉलोनी और आवास जैसी योजनाओं का भी लाभ नहीं मिला है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन लंबे समय बाद भी स्थिति में कोई ठोस बदलाव नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। उनके घरों के चारों ओर पानी भर जाने से आवागमन के साथ-साथ रोजमर्रा का जीवन भी प्रभावित होता है। कई बार घरों में पानी भरने के कारण कई दिनों तक खाना तक नहीं बन पाता। इससे परिवार के लोगों और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं में पात्र होने के बावजूद उन्हें लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर पात्र परिवारों को आवास, शौचालय, भूमि एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है| बनवासी समाज के लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन स्तर से उनकी समस्याओं का स्थलीय सत्यापन कराया जाए तो उनकी वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें