सुल्तानपुर
जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने के बाद आईपीएस अधिकारी चारु निगम बुधवार को पहली बार पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से मुखातिब हुईं। परिचय बैठक के दौरान उन्होंने पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुए पुलिस-मीडिया समन्वय को प्राथमिकता देने की बात कही।उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और प्रशिक्षण अवधि में गोरखपुर व झांसी में सेवाएं देने के साथ ही लखनऊ तथा औरैया में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुकी हैं।एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक सीओ अपने-अपने क्षेत्र में घटित घटनाओं पर मीडिया को अधिकृत बाइट उपलब्ध कराएं। साथ ही थाने स्तर से भी आवश्यक सूचनाएं समय पर साझा की जाएं,जिससे पारदर्शिता बनी रहे।नगर क्षेत्र में जाम की समस्या पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले वाहन मालिकों को पहले दो दिन की चेतावनी दी जाएगी,इसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।अवैध खनन के मामलों पर उन्होंने कहा कि जल्द ही विस्तृत समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिले व गैर जनपद के अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कदम उठाने की बात भी उन्होंने दोहराई।एसपी चारु निगम ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।जो भी विषय उनके संज्ञान में आएगा,उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि जिले की किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें दें,ताकि शीघ्र निराकरण किया जा सके।















