आंधी-तूफान और बारिश का कहर: आधे घंटे में सुल्तानपुर अस्त-व्यस्त

0
1

 

मुडिला/सुल्तानपुर आज अचानक आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जिले भर में भारी तबाही मचा दी। करीब 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने महज आधे घंटे में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

जिले की सभी तहसीलों में गांव से लेकर शहर तक नुकसान के हालात दिखे। कहीं पेड़ जड़ से उखड़ गए तो कहीं भारी डालें टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं, जिससे कई मार्ग जाम हो गए। कई स्थानों पर कच्चे मकान ढहने की भी खबर है, जिनके मलबे में दबकर लोगों के घायल होने और मौत की आशंका है।

आंधी के चलते कई जगह बिजली के पोल टूटकर गिर गए, जिससे पूरे जिले में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और अंधेरा छा गया। वहीं, सड़क पर चल रहे राहगीरों पर पेड़ गिरने से हादसे हुए हैं। घरों पर पेड़ गिरने से बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के हताहत होने की भी खबरें सामने आई हैं।

आज जिले में कई स्थानों पर शादी-विवाह के कार्यक्रम भी थे, लेकिन तेज आंधी ने इन आयोजनों को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया। जगह-जगह टेंट उखड़ गए, सजावट बिखर गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिन घरों में शादी थी, वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा और व्यवस्थाएं पूरी तरह बिगड़ गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का भयावह मंजर पहले कभी देखने को नहीं मिला। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है।

विवेक कुमार पत्रकार मुडिला

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें