गाजीपुर। जनपद न्यायालय गाजीपुर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश जे.पी. यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाता है। जब मन में किसी प्रकार का विद्वेष नहीं रहता, तभी वास्तविक रूप से सुलह और समझौता संभव होता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत से जहां एक ओर समय और धन की बचत होती है, वहीं लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह, अपर जिला जज कोर्ट संख्या-1 ने कहा कि छोटे-छोटे प्रकरणों में अनावश्यक मुकदमेबाजी के कारण पक्षकारों के बीच उत्पन्न वैमनस्यता को समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में लोक अदालत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस बार आधुनिक संचार माध्यमों, जैसे व्हाट्सऐप मैसेज और एसएमएस आदि के जरिए आमजन से संवाद कर उन्हें लोक अदालत का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन से संबंधित शिविर भी लगाया गया। इसके साथ ही मेडिकल कैंप आयोजित कर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बिजली बिल, गृहकर, जलकर तथा विभिन्न सामाजिक योजनाओं से संबंधित पंडाल भी लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा कुछ दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं बैसाखी आदि का वितरण भी किया गया।
सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,24,842 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं बैंकों द्वारा कुल 7 करोड़ 20 लाख 92 हजार 801 रुपये के एनपीए मामलों का निस्तारण किया गया। परिवार न्यायालय में भी सुलह-समझौते के माध्यम से 11 विवाहित जोड़ों के विवाद समाप्त कराकर उनकी विदाई कराई गई।
इस कार्यक्रम में पीओ एमएसीटी संजय हरिशुक्ला, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शैलोज चन्द्रा सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, न्यायालय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने किया।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















