सुल्तानपुर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दो की मौत; कई घायल
दोस्तपुर क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास माइलस्टोन 162.7 पर एर्टिगा और स्विफ्ट कार की भिड़ंत; घायलों को सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया
अखण्डनगर, सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास माइलस्टोन 162.7 पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एर्टिगा और स्विफ्ट कार के बीच टक्कर हुई। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना की वजह एक वाहन के विपरीत दिशा में चलने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्विफ्ट कार (नंबर BR 06 ,AP 3362) में सवार बिहार के चंपारण जिले के नारायणपुर निवासी श्याम बिहारी सिंह और अजय कुमार गुप्ता की मौत हो गई। इसी कार में सवार कन्हैया और अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।
वहीं, एर्टिगा कारUP54, AV4352 में सवार उमरी,आजमगढ़ निवासी राजेश कुमार, उनकी पत्नी रीता देवी, पुत्रियां दीक्षा, दीप शिखा और गरिमा तथा कलंदरपुर निवासी संदीप यादव समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।
सूचना पर दोस्तपुर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सीएचसी दोस्तपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर किए जाने की जानकारी है।
थाना प्रभारी नारद मुनि ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


















