सुल्तानपुर
अखण्डनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे कादीपुर–अखण्डनगर मार्ग पर उड़री मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान संतोष कुमार कनौजिया (पुत्र फूलचंद), निवासी ग्राम भेलारा, थाना अखण्डनगर के रूप में हुई है। वह कादीपुर स्थित विद्यालय से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर भेजा। चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि संतोष कुमार ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि हादसे में उनके पैर की एक उंगली कट गई। दूसरे घायल मोटरसाइकिल सवार को उसके परिजन व शुभचिंतक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।














