आजमगढ़ पवई थाना क्षेत्र के गालिबपुर गांव स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर गाड़ी हटाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप मालिक ने गांव के अभिषेक तिवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पवई थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। पंप परिसर में कई दिनों से खड़ी एक गाड़ी को हटाने की बात कहने पर अभिषेक तिवारी से विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट करने लगा।
मामले की सूचना पीड़ित ने डायल 112 पर दी। आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी आरोपी ने पेट्रोल पंप में आग लगाने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पवई थाना प्रभारी मनीष पाल को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













