चौथे सावन सोमवार पर बाबा जंगली नाथ धाम में उमड़ा आस्था का जन सैलाब

0
6

चौथे सावन सोमवार पर बाबा जंगली नाथ धाम में उमड़ा आस्था का जन सैलाब

 

अखण्डनगर /सुल्तानपुर

 

सावन माह के चौथे और अंतिम सोमवार को वलीपुर स्थित प्राचीन बाबा जंगली नाथन महादेव धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई।

 

श्रद्धालुओं ने बाबा जंगली नाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने बेलपत्र, पुष्प और पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और क्षेत्र की शांति की कामना की। मंदिर परिसर में लगातार हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

वलीपुर बाजार स्थित यह प्राचीन धाम क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। सावन के पवित्र महीने में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। दूर-दराज से आने वाले कांवड़िए भी बाबा के दरबार में जल अर्पित कर अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं।

 

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। मंदिर परिसर तथा आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

 

चौथे सावन सोमवार के अवसर पर सुबह से लेकर देर तक बाबा जंगली नाथ धाम में भक्तों का आना-जाना जारी रहा। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से बाबा के दर्शन किए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। सावन के अंतिम सोमवार पर धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र में बाबा जंगली नाथ के प्रति लोगों की गहरी आस्था को उजागर किया।

 

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकरो से गूंजता रहा बाबा जंगली नाथ धाम।

 

नरेश कुमार केमास न्यूज पत्रकार अखण्डनगर सुल्तानपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें