सुल्तानपुर
सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाना परिसर में संविधान दिवस के अवसर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर थानाध्यक्ष धीरेंद्र वर्मा, समेत कई पुलिसकर्मियों द्वारा जूते पहनकर पुष्प अर्पित करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
वायरल तस्वीरों में थाना परिसर के भीतर मेज पर रखे बाबा साहब के चित्र पर पुलिसकर्मी वर्दी के साथ जूते पहने हुए ही माल्यार्पण और पुष्पांजलि करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में खासी नाराजगी है और जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
दोहरे मापदंड पर उठे सवाल
इस मामले के तूल पकड़ने के साथ ही लोग हाल ही में सुल्तानपुर में हुई एक अन्य घटना से इसकी तुलना कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते अक्टूबर महीने में तिकोनिया पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान अवधी गायक संजय यदुवंशी और उनके समर्थकों पर जूते-चप्पल पहनकर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर चढ़ने व महापुरुषों के अपमान के आरोप में पुलिस प्रशासन ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए मुकदमा दर्ज किया था।
अब आम जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच यही चर्चा गर्म है कि जब आम नागरिक पर महापुरुषों के अपमान के आरोप में तुरंत एफआईआर दर्ज की जा सकती है, तो क्या पुलिस कप्तान (एसपी) अपने ही महकमे के थानाध्यक्ष धीरेंद्र वर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों के इस कृत्य पर कोई कार्रवाई करेंगे या फिर इस मामले पर चुप्पी साध ली जाएगी? फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर उच्चाधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

















