पुलिस लाइन में गार्ड आफ आनर के साथ दी गई श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने जताई गहरी संवेदना
आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार देर रात हुए इस हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे सिधारी थाना क्षेत्र के बेलईसा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर अनुबंधित बस की टक्कर से आरक्षी बलवंत सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे। बलवंत सिंह यादव चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था। वह 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा शाखा में तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचना दी। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में दिवंगत आरक्षी को पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड आॅफ आनर के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आरक्षी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कर्तव्य के प्रति समर्पित जवान को उत्तर प्रदेश पुलिस ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
आजमगढ़ ब्यूरो सोनू कुमार की रिपोर्ट


















