
ब्यूरो चीफ संजय कुमार की रिपोर्ट –
जौनपुर/ खुटहन : राज गौरव पी.जी. कॉलेज, खुटहन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिविर स्थल की साफ-सफाई से हुई, जिसके बाद स्वयंसेवकों द्वारा जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली शिविर स्थल से प्रारंभ होकर खुटहन चौराहे पर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए पुनः शिविर स्थल पर पहुंची। रैली के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। शिविर स्थल पर आयोजित संगोष्ठी का विषय “दहेज प्रथा” रहा, जिसमें स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर संस्थापक प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश यादव ने कहा कि दहेज मांगना समाज के लिए एक घोर पाप है और यह कुरीति आज भी बेटियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। उन्होंने सभी से बेटियों को शिक्षित और जागरूक बनाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. राज केशर यादव ने दहेज प्रथा को देश की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इसके कारण अनेक बेटियों के सपने टूट जाते हैं और उन्हें मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दहेज लेना और देना दोनों ही अपराध हैं, इसलिए समाज को इस कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने “न दहेज देंगे, न दहेज लेंगे” का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए दहेज प्रथा उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रामप्रसाद शर्मा, सुभाष चंद्र पाल, डॉ. अखिलेश चंद्र पाठक, समर बहादुर यादव, डॉ. मनोज कुमार गुप्त, शशिकांत यादव, श्रीमती सुनीता पाल, लल्लन प्रसाद यादव, वीरेंद्र कुमार यादव, रमेश सिंह, पूनम यादव, लेखयी राम, राम मिलन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में महाविद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. शरद यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

















