सुल्तानपुर /कादीपुर
उप जिलाधिकारी कादीपुर उत्तम कुमार तिवारी के निर्देश पर श्री शिवधाम मंदिर बेलवाई में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण लेखपाल आदित्य विश्वकर्मा एवं अखण्ड नगर थाना प्रभारी संत कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं—सुरक्षा, साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा—का गहनता से जायज़ा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शासन-प्रशासन को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, मेले का समापन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराने पर विशेष ज़ोर दिया गया।
प्रशासन द्वारा की गई इस सतर्कता और निगरानी से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला।















