मुडिला /कादीपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त समेत अवैध शस्त्र से युवक को गोली मारने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों गिरफ्तारियां पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान के तहत की गईं।
पहले मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 017/2023 धारा 363/366/376 बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त दीपक सिंह उर्फ दीपू सिंह (23) निवासी रसालपुर, थाना बरौर, जनपद कानपुर देहात को गोपालपुर मोड़ से करीब 11:55 बजे गिरफ्तार किया। आरोप है कि 11 जनवरी 2023 को उसने वादिनी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने 21 जनवरी 2023 को पीड़िता को बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया था, जबकि आरोपी फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे प्रकरण में ग्राम अन्दारायपुर में युवक के पैर में अवैध तमंचे से गोली मारने वाले आरोपी सन्दीप तिवारी उर्फ गणेश प्रभारकर तिवारी (28) निवासी कटघरा भीमलपुर को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में मु0अ0सं0 89/26 धारा 109/351(3) बीएनएस व 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सन्दीप तिवारी पर चोरी, डकैती, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर समेत पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
विवेक कुमार पत्रकार मुड़िला

















