इकौना/श्रावस्ती
कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (CONCOR) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत जनपद श्रावस्ती के इकौना ब्लॉक में छात्राओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आधार निर्माण फाउंडेशन द्वारा किशोरी जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।इस कार्यक्रम की शुरुआत 13 फरवरी 2026 से इकौना क्षेत्र के तीन प्रमुख इंटर कॉलेज — शांति देवी कनक इंटर कॉलेज, जेतवन इंटर कॉलेज एवं चौधरी रामबिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज — में सेमिनार और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के आयोजन के साथ हुई।सेमिनार के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सुरक्षित प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं ने खुलकर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में समाधान किया गया। स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित महिला चिकित्सक ने व्यक्तिगत परामर्श प्रदान किया और आवश्यकतानुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 435 छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए तथा विद्यालय परिसरों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन भी स्थापित की गईं, जिससे छात्राओं को नियमित और सहज रूप से आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके।आधार निर्माण फाउंडेशन के प्रतिनिधि विनोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और शिक्षा में निरंतरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता और सही जानकारी से न केवल बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ती है।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन अधिकारी, प्रधानाचार्य, अध्यापिकाएं, महिला चिकित्सक, फाउंडेशन के प्रतिनिधि विनोद कुमार द्विवेदी, कार्यक्रम अधिकारी अहमद बिलाल, कार्यक्रम समन्वयक चंद्रप्रकाश द्विवेदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।विद्यालय प्रबंधन समितियों ने CONCOR और आधार निर्माण फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए मांग की कि इस प्रकार के सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रम आगे भी पूरे जनपद में आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो सकें।













