रंग, रिवाज और उमंग: निजामाबाद में सजी ‘बुढ़वा की बारात’

0
1

निजामाबाद, आजमगढ़। होली का त्योहार आते ही निजामाबाद में एक खास परंपरा जीवंत हो उठती है—‘बुढ़वा की बारात’। वर्षों से चली आ रही यह अनोखी परंपरा इस बार भी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ निभाई गई। बुधवार की शाम बाजार क्षेत्र रंग-गुलाल और ढोल-नगाड़ों की धुन से गूंज उठा। झिंनकरिया मोहल्ला हुसैनाबाद से निकली यह बारात धीरे-धीरे पूरे नगर का आकर्षण बन गई। दूल्हे के रूप में रथ पर सवार महेंद्र प्रजापति लोगों के बीच खास आकर्षण रहे, वहीं गाजे-बाजे के साथ प्रकाश चौरसिया बारात की अगुवाई करते नजर आए। बच्चे रंग उड़ाते दिखे तो बुजुर्ग भी उत्साह में पीछे नहीं रहे। हर चेहरे पर होली की मुस्कान साफ झलक रही थी। बारात पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव के आवास पहुंची, जहां जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद जुलूस पूरे नगर का भ्रमण करता हुआ परंपरा के अनुसार निजामाबाद थाने पहुंचा। वहां थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी बारातियों का स्वागत किया और मिठाई-जलपान कराकर शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल, उपनिरीक्षक राजेश राय, उपनिरीक्षक मयंक उपाध्याय, हेड कांस्टेबल हौसला यादव, कांस्टेबल अजय जायसवाल सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा। अंततः यह पारंपरिक बारात पुनः झिंनकरिया मोहल्ले में संपन्न हुई। सैकड़ों नगरवासियों की भागीदारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि निजामाबाद की होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और परंपरा का जीवंत प्रतीक है।
*संजय कुमार निजामाबाद की रिपोर्ट*

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें