सुल्तानपुर
जनपद में आगामी होली, रमजान और ईद जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा पुलिस लाइन सुलतानपुर पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में डीआईजी सोमेन बर्मा ने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों से निगरानी तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।तकनीकी रूप से पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए ‘यक्ष एप’ के प्रभावी संचालन और डिजिटल डेटा प्रबंधन को प्राथमिकता देने को कहा गया। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।

















