गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक राम बाबू सिंह मय हमराह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम नायकडीह के पास कार्रवाई करते हुए हर्षित सिंह (22 वर्ष) पुत्र स्व. विनोद सिंह, निवासी ग्राम मधुवन, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अदद देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना खानपुर में मु0अ0सं0-309/2026, धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में थाना कन्दवां, जनपद चंदौली में आयुध अधिनियम तथा गोहत्या निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2024 में उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर















