48 घंटे बीत गया शिक्षक दंपती हत्याकांड का खुलासा नहीं, शिक्षक संघ में आक्रोश 3 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर शिक्षक करेंगे शिक्षण कार्य, शाम को निकलेगा कैंडल मार्च; 5 को चाक डाउन और 6 अक्टूबर को विद्यालयों में तालाबंदी का निर्णय
सुल्तानपुर
शिक्षक दंपती स्व. मुकेश सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. विनीता सिंह की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा लिखित रूप से दी गई 48 घंटे की समय-सीमा बीत जाने के बावजूद हत्याकांड का खुलासा न होने से शिक्षक समुदाय में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शिक्षक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड का शीघ्र अनावरण करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
शुक्रवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी सुल्तानपुर को सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित पत्र सौंपकर संगठन की ओर से लिए गए निर्णयों से अवगत कराया। संगठनों ने कहा कि शिक्षक दंपती की हत्या जैसी गंभीर घटना के बाद भी निर्धारित समय सीमा में मामले का खुलासा न होना शिक्षकों के बीच चिंता और असंतोष का कारण बन रहा है।
संगठनों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को जिले के शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसी दिन शाम 4:30 बजे तिकोनिया पार्क, सुल्तानपुर में शिक्षक एकत्र होंगे, जहां से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कैंडल मार्च के माध्यम से शिक्षक दिवंगत शिक्षक दंपती के लिए न्याय और हत्याकांड के शीघ्र खुलासे की मांग करेंगे।
इसके बाद 5 अक्टूबर को चाक डाउन का निर्णय लिया गया है। इस दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे, लेकिन शिक्षण कार्य नहीं करेंगे। वहीं 6 अक्टूबर को विद्यालयों में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए है। संगठनों ने पुलिस से जांच में तेजी लाकर हत्याकांड का जल्द खुलासा करने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिक्षक संगठनों ने जिले के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों से निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है। संगठनों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक शिक्षक समुदाय अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।















