सैदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
9

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक चार पहिया वाहन और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब को तस्करी के लिए बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक 1/2 अक्टूबर 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव और उपनिरीक्षक शिवमणि सेन मय हमराह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परमानन्दपुर स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोग शराब के ठेके से शराब लाकर एक कार में लाद रहे हैं और उसे बिहार ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार में शराब लाद रहे लोगों में से दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पुलिस ने कार में शराब लादते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान रमन सिंह (19 वर्ष) पुत्र संतोष सिंह, निवासी ग्राम पहाड़पुर, थाना गड़वार, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सफेद रंग की कार में रखी शराब की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद शराब में 750 एमएल की 204 बोतलें और 375 एमएल की 264 बोतलें, यानी कुल 468 बोतलें शामिल हैं। इनकी कुल मात्रा 252 लीटर बताई गई है। इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का सफेद एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की गई। इस मामले में थाना सैदपुर में मु0अ0सं0 335/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मौके से फरार हुए दो अन्य व्यक्तियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें