दोस्तपुर में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत , 20 हजार देकर मामला दबाने का आरोप
मुडिला /दोस्तपुर थाना क्षेत्र के टेकुआ कुम्ही गांव में एक महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतका के बेटे रोहित कुमार ने थाना अध्यक्ष दोस्तपुर को तहरीर देकर गीतांजलि पॉली क्लीनिक के डॉक्टर सुरेंद्र वर्मा पर गलत इलाज का आरोप लगाया है।
मृतका के पुत्र रोहित ने बताया कि दिनांक 19/10/26 को शाम लगभग 3:00 बजे उसकी माता जी श्यामराजी की तबीयत खराब हुई। जिसके बाद वह अपनी माता जी को लेकर कुम्ही बाजार में गीतांजलि पॉली क्लीनिक पर डॉ. सुरेन्द्र वर्मा के पास इलाज के लिए गया।
आरोप है कि डॉ. ने बिना नाम के कोई इंजेक्शन लगा कर भेज दिया। इंजेक्शन लगने के लगभग एक घंटे बाद माता जी की हालत और बिगड़ गई।
तबीयत खराब होने पर एंबुलेंस से CHC दोस्तपुर ले जाया गया। वहां एक घंटे इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। इसके बाद वह लोग घर आए, लेकिन रात 12:30 बजे तबीयत और बिगड़ गई।
इस पर डॉ. सुरेन्द्र वर्मा को सूचना दी गई तो फोन पर डॉक्टर ने कहा कि आप लोग राहत हॉस्पिटल में भर्ती करा दीजिए, जो पैसा लगेगा हम वहन करेंगे।
परिजन के अनुसार माता जी को राहत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सुबह दिनांक 20/10/26 को लगभग 10:00 बजे डॉ. सुरेन्द्र वर्मा आए और इलाज के लिए 20,000 रुपये देकर किसी से न कहने की सलाह दी।
शाम 6:00 बजे राहत हॉस्पिटल से अकबरपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही माता जी श्यामराजी की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष AK गौतम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घटना के बारे में सारी जानकारी प्राप्त किया। पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद करने की बात कही। सूत्रों के मुताबिक पता चला कि इसके पहले डाक्टर सुरेंद्र वर्मा के गलत इलाज से और कई मौतें हो चुकी है,लेकिन स्वाथ्य विभाग उन पर अभी तक कोई अंकुश नहीं लगाया। शासन प्रशासन की टीम ने पीड़ित परिवार को समझा बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी करवा दी थीं। खबर लिखे जाने तक न तो अंतिम संस्कार हुआ न ही डॉक्टर की गिरफ्तारी।
रिपोर्ट के मास न्यूज़ पत्रकार


















