स्वामी विवेकानन्द विद्या मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती, बच्चों ने दिया स्वच्छता और सत्य का संदेश
मुडिला/कादीपुर ब्लॉक के खालिसपुर मुबारकपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर, खालिसपुर विवेक नगर में शुक्रवार को गांधी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण और नमन के साथ हुई। इसके बाद शिक्षकों ने छात्रों को गांधीजी के जीवन, सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के विचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा खुशी यादव ने गांधीजी का जीवन परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि गांधीजी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था और उन्होंने सत्य व अहिंसा के बल पर देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खुशी ने सभी छात्रों से गांधीजी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
अन्य छात्र-छात्राओं ने भी गांधीजी के विचारों पर अपने विचार रखे और स्वच्छता, सत्य, अहिंसा, अनुशासन और देशसेवा के महत्व को समझाया। शिक्षकों ने कहा कि गांधीजी का जीवन सादगी, सत्य और अहिंसा की मिसाल है, जो आज भी हम सभी को प्रेरणा देता है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य रामयज्ञ वर्मा, अमित यादव, दिनेश, जीत बहादुर, रूबी, सीमा, प्रियांशु सिंह समेत समस्त शिक्षक मौजूद रहे। अंत में सभी छात्रों ने गांधीजी के बताए रास्ते पर चलने और समाज में स्वच्छता व सद्भाव फैलाने का संकल्प लिया।
विवेक कुमार पत्रकार मुड़िला




















