हनुमत इंटर कॉलेज धम्मौर ने एथलेटिक्स, श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान ने सांस्कृतिक और एमजीएस इंटर कॉलेज ने ओवरऑल गेम चैंपियनशिप जीती
सुलतानपुर
श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान के क्रीड़ांगण में 20 अक्टूबर से शुरू हुआ 76वां जनपदीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समारोह-2026 गुरुवार, 22 अक्टूबर को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में जनपद के 28 विद्यालयों के 540 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया।
20 अक्टूबर को समारोह का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं वंदन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत कैप, बैज, खेल पत्रिका, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अतिथियों ने स्वागत संबोधन दिया। मुख्य अतिथि एसडीएम कादीपुर विनीत कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इसके बाद ध्वजारोहण और गुब्बारे छोड़ने के साथ प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। गत वर्ष की चैंपियन छात्रा अनुश्री, सर्वोदय इंटर कॉलेज, लंभुआ ने मशाल दौड़ में प्रतिभाग किया।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह और प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंह मौजूद रहे। सर्वोदय इंटर कॉलेज, लंभुआ के प्रधानाचार्य डॉ. गुलाब सिंह, इंटर कॉलेज गरये के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद सिंह तथा शास्त्री इंटर कॉलेज उमरी के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
20 और 21 अक्टूबर को विभिन्न आयु वर्गों की खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गीत, भावगीत, भजन और कवि-दरबार की प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय दिया। 22 अक्टूबर को प्रतियोगिता के अंतिम दिन रिले रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और ट्रिपल जंप जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 4×400 मीटर रिले रेस प्रमुख आकर्षण रही। खेल सचिव कुमार दिलीप सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिताओं का संचालन किया गया।
दौड़ प्रतियोगिताओं में सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के शिव कुमार निषाद, सीनियर बालिका वर्ग में हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की सिमरन, जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के वरुण और जूनियर बालिका वर्ग में एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर की छाया अग्रहरि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के मोहित यादव तथा बालिका वर्ग में हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की प्रियांशी प्रथम रहीं।
समारोह में एथलेटिक्स ओवरऑल चैंपियनशिप हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर ने जीती। संस्कृत ओवरऑल चैंपियनशिप श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान के नाम रही, जबकि ओवरऑल गेम चैंपियनशिप एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर ने हासिल की।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अंडर-19 सीनियर बालक वर्ग में इंटर कॉलेज, धम्मौर के अनूप यादव प्रथम, सर्वोदय इंटर कॉलेज, लंभुआ के धर्मेंद्र कुमार द्वितीय और सरस्वती इंटर कॉलेज, उमरी के सूरज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के वरुण प्रथम और श्री हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर के चंदन यादव द्वितीय रहे। अंडर-14 सब-जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के मोहित यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग की अंडर-19 सीनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार की अनुश्री मिश्रा प्रथम, श्री हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की श्रेया द्वितीय और अंशिका यादव तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 बालिका वर्ग में एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर की छाया अग्रहरि प्रथम, श्री चंद्र राजकीय इंटर कॉलेज, गोसाईगंज की अंशिका यादव द्वितीय और काजल तृतीय रहीं। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान की आराध्या यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
तीनों दिनों के आयोजन में खिलाड़ियों के आवास, भोजन और अनुशासन की समुचित व्यवस्था की गई। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सक्रिय भूमिका से समारोह संपन्न हुआ। प्रधानाचार्य एवं समारोह समन्वयक डॉ. आशुतोष सिंह के मार्गदर्शन में व्यवस्थाओं का संचालन किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत किया।



















