लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद सुल्तानपुर प्रशासन सख्त, कोचिंग सेंटरों पर चला औचक निरीक्षण अभियान

0
7

 

सुल्तानपुर

 

सूबे की राजधानी लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्र-छात्राओं की दर्दनाक मौत के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में जनपद सुल्तानपुर में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारु निगम एवं उपजिलाधिकारी सदर उत्तम तिवारी ने संयुक्त रूप से सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मेहमान होटल के बगल संचालित कोहिनूर इंडिया कोचिंग संस्थान का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), विद्युत वायरिंग, सीढ़ियों की चौड़ाई, वेंटिलेशन व्यवस्था तथा छात्रों की क्षमता के अनुरूप सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। टीम ने यह भी देखा कि संस्थान में अग्निकांड या अन्य आपदा की स्थिति में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की क्या व्यवस्था है।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश फायर प्रिवेंशन एंड फायर सेफ्टी एक्ट, नगर निकाय के भवन सुरक्षा मानक तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करना अनिवार्य है। किसी भी संस्थान में अग्निशमन उपकरण, सुरक्षित निकासी मार्ग या अन्य सुरक्षा मानकों की कमी पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी या प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संस्थान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपजिलाधिकारी सदर उत्तम तिवारी ने बताया कि जनपद के सभी कोचिंग सेंटरों को प्रशासन की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई है। इसमें भवन सुरक्षा प्रमाणपत्र, अग्निशमन विभाग की एनओसी, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानक और छात्रों की क्षमता के अनुसार सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि “बच्चों के भविष्य और जीवन के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संचालकों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई तय है।”

लखनऊ की घटना के बाद सुल्तानपुर प्रशासन का यह अभियान जिले के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी लगातार जारी रहेगा।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें