गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: AC बस-ट्रेलर की टक्कर में 4 यात्रियों की मौत, 4 गंभीर घायल

0
2

 

अम्बेडकर नगर

अम्बेडकर नगर में शुक्रवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र में करीब सुबह पांच बजे हुआ। दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एसी बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। बस में करीब 50 यात्री सवार बताए गए हैं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक हुई टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाया। बस को काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह के अनुसार, बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की बताई गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। बस की गति करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा होने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद बस चालक, कंडक्टर और ट्रेलर चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

हादसे में मृत चार यात्रियों में बिहार निवासी सचिन कुमार (30) की पहचान हो गई है। तीन अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) समेत चार लोग शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रेलर में लदी थीं टाइल्स, सड़क पर बिखरा माल

पुलिस के मुताबिक ट्रेलर राजस्थान से टाइल्स लादकर बिहार की ओर जा रहा था। बस से टक्कर के बाद ट्रेलर में लदी टाइल्स सड़क पर बिखर गईं। हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें