अखंड नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही: बिना लाइसेंस चल रहे अस्पताल और झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे ग्रामीण जनता की जिंदगी

0
21

अखंड नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही: बिना लाइसेंस चल रहे अस्पताल और झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे ग्रामीण जनता की जिंदगी

 

 

सुल्तानपुर

सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के चलते अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों का धंधा फल-फूल रहा है। बिना किसी वैध लाइसेंस और मानकों के संचालित हो रहे इन क्लीनिकों व अस्पतालों में मरीजों की जिंदगी के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की खामोशी इन अवैध संचालकों के लिए वरदान साबित हो रही है।

भेलारा का ‘आर एस जीवन हॉस्पिटल’ बना चर्चा का विषय

अखंड नगर क्षेत्र के अंतर्गत भेलारा बाजार में संचालित ‘आर एस जीवन हॉस्पिटल’ इसका जीता-जाता उदाहरण है। आरोप है कि यह अस्पताल बिना किसी वैध अनुमति और मानकों के धड़ल्ले से चलाया जा रहा है। यहां आने वाले मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को ताक पर रखकर इलाज किया जा रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के नुमाइंदों की नजर इस पर नहीं पड़ रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की भरमार

अखंड नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में फर्जी और झोलाछाप डॉक्टरों की बाढ़ आ गई है। गली-कूचों से लेकर बाजारों तक बिना किसी चिकित्सीय डिग्री के लोगों का इलाज किया जा रहा है। गलत इलाज और दवाइयों के कारण आए दिन जिले में गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं, इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है।

“आखिरकार इन अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों का यह काला कारोबार किसकी शह पर फल-फूल रहा है? इसका जिम्मेदार कौन है? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा होना तय है।” — स्थानीय ग्रामीण

जिम्मेदारों की प्रतिक्रिया: सीएमओ ने नहीं उठाया फोन, एडिशनल सीएमओ ने साधी चुप्पी

इस गंभीर मामले को लेकर जब एडिशनल सीएमओ डॉ. आर.के. कनौजिया से बातचीत की गई, तो उनका गोलमोल जवाब सामने आया। उन्होंने कहा कि “इस विषय पर सीएमओ से चर्चा करता हूँ।”

वहीं, इस पूरे प्रकरण पर जब जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) भरत भूषण से उनका पक्ष जानने के लिए उनके आधिकारिक नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। जिम्मेदार अधिकारियों का इस तरह से फोन न उठाना और गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।

जनता की मांग: हो उच्चस्तरीय जांच

क्षेत्र की जनता और प्रबुद्ध नागरिकों ने जिलाधिकारी और शासन से मांग की है कि अखंड नगर क्षेत्र सहित पूरे जिले में बिना लाइसेंस चल रहे अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से छापेमारी कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें