गाजीपुर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद न्यायालय, गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके संघर्ष, विचारों और देश के प्रति योगदान पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला।
पॉक्सो अधिनियम को लेकर निकाली गई प्रभात फेरी
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों एवं कानूनी परिणामों के प्रति जागरूकता अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग, गाजीपुर के छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की प्रभात फेरी निकाली गई।
जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने न्यायालय के गेट नंबर-01 से हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इसका उद्देश्य बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, पराविधिक स्वयंसेवकों, सुरक्षाकर्मियों एवं आमजन को गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने विभिन्न आंदोलनों को एकजुट कर स्वतंत्रता संघर्ष को व्यापक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी, लोक अदालत शक्ति सिंह ने कहा कि देश की आजादी में महात्मा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का मार्ग दिखाया, जो समाज और देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
महापुरुषों की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का आह्वान
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर नीरज गोंड ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के योगदान और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने दोनों महापुरुषों द्वारा जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी भी दी।
वहीं, सिविल बार एसोसिएशन, गाजीपुर के पदाधिकारी राजेंद्र विक्रम सिंह, अंजनी कुमार ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में संजय हरी शुक्ला, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, शैलोज चन्द्र, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, अभिमन्यु सिंह, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी पीए एक्ट, सुश्री श्वेता वर्मा, एडीजे कक्ष संख्या-03, संजय के लाल, स्पेशल जज ईसी एक्ट, विजय कुमार-चतुर्थ, एडीजे/त्वरित न्यायालय तथा अमित कुमार-द्वितीय, सिविल जज (सीडि) सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्वान अधिवक्तागण, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी तथा पराविधिक स्वयंसेवक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर
















