मतदाता सूची में पात्र नागरिकों को शत-प्रतिशत जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

0
5

गाजीपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर निरंतर पुनरीक्षण-2026 के दौरान मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि, अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो को निर्धारित मानक तक बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से पात्र नागरिकों को शत-प्रतिशत मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के तहत अर्ह युवा, छूटे हुए मतदाता, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिक, बेघर मतदाता, दिव्यांग मतदाता और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इस अभियान में महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी/बीएलओ से फार्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फार्म प्राप्त किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET मोबाइल ऐप तथा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in⁠� का उपयोग किया जा सकता है। इसके माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।

जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें