विचाराधीन भूमि पर जबरन निर्माण का आरोप, डीएम-एसपी से कार्रवाई की मांग

0
1

अरसिया (जौनपुर) –  सरपतहां थाना क्षेत्र के अरसिया गांव में आराजी संख्या 564 को लेकर विवाद सामने आया है। भूमि के सहखातेदार अशोक कुमार, दिनेश कुमार व रमेश कुमार पुत्र सत्यप्रकाश ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद कथित रूप से जबरन निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है।प्रार्थना पत्र के अनुसार उक्त भूमि के संबंध में उपजिलाधिकारी शाहगंज के न्यायालय में धारा 116 के तहत वाद तथा सिविल न्यायालय में विभाजन संबंधी मामला विचाराधीन है। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी लवकुश पुत्र धिरीउ तथा मीरा पत्नी लवकुश द्वारा बड़ी संख्या में मजदूर और मिस्त्री लगाकर भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है।पीड़ित पक्ष का कहना है कि निर्माण से पहले भूमि की पैमाइश भी नहीं कराई गई। निर्माण कार्य का विरोध करने पर उन्हें कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले को लेकर 19 अगस्त 2026 को उपजिलाधिकारी न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य तेजी से जारी रहने का आरोप लगाया गया है।प्रार्थियों ने आशंका जताई है कि भूमि विवाद को लेकर मौके पर किसी गंभीर घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी को देखते हुए उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में उपजिलाधिकारी शाहगंज और थानाध्यक्ष सरपतहां को निर्देशित कर मौके पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई है। वहीं, एसपी से भी थानाध्यक्ष सरपतहां को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।प्रार्थियों ने अपने आवेदन के साथ खतौनी और पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र की छायाप्रति संलग्न करने की बात कही है। आवेदन 21 अगस्त 2026 को दिया गया है। अब मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें