गाजीपुर। किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने शुक्रवार को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने इकाई में आवासित अज्ञात नवजात बच्चों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने नवजात बच्चों को आशीर्वाद स्वरूप कपड़े, खिलौने एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। अधिकारियों ने बच्चों के प्रति स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।
अधिकारियों ने इकाई में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इकाई में आवासित बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने बच्चों के लिए निर्धारित सभी मानकों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही इकाई की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य माया सिंह, पेशकार नीरज, पेशकार सुरेंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन के को-ऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह तथा राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका प्रीति श्रीवास्तव, रागिनी सिंह, जूही राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















